March 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

IT Raid: जानिए कौन हैं पुष्पराज जैन, किस तरह पीयूष जैन और इस इत्र कारोबारी सपाई के हैं रिश्ते

लखनऊ/कन्नौज। बीते दिनों कन्नौज और कानपुर में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के यहां जीएसटी और इनकम टैक्स की रेड पड़ी। सैकड़ों करोड़ की चल-अचल संपत्ति पीयूष के यहां से बरामद हुई। इसके बाद कहा जा रहा है कि पीयूष के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से करीबी रिश्ते हैं, लेकिन अखिलेश से जिस इत्र कारोबारी का करीबी नाता है, उनका नाम है पुष्पराज जैन। पुष्पराज के यहां आज सुबह इनकम टैक्स ने छापा मारा है। तो क्या पीयूष जैन के यहां पड़ा छापा गलती से था ? इस बारे में तो कोई कुछ कह नहीं रहा, लेकिन पीयूष और पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन का एक कनेक्शन जरूर सामने आया है।

पीयूष जैन और सपा के विधान परिषद सदस्य यानी MLC पुष्पराज जैन का नाता सिर्फ इतना है कि दोनों का नाम अंग्रेजी के P अक्षर से शुरू होता है और कन्नौज के छिपट्टी मोहल्ले में एक ही सड़क पर दोनों के पैतृक घर हैं। दोनों के घर के बीच फासला भी आधे किलोमीटर का ही होगा। पुष्पराज जैन ही इत्र के वो कारोबारी हैं, जिन्होंने बीते दिनों अखिलेश यादव के प्रचार के लिए समाजवादी इत्र तैयार किया था और लखनऊ में पत्रकारों के सामने अखिलेश यादव ने इस इत्र को लॉन्च किया था।

जब पीयूष जैन के यहां छापे में करोड़ों की अघोषित संपत्ति मिली, तो बीजेपी ने उनका रिश्ता अखिलेश यादव से बताया था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि ये सारा पैसा समाजवादी पार्टी के लोगों ने हड़पकर पीयूष के पास रखवाया। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा था कि पीयूष जैन का सपा से कोई रिश्ता नहीं है। अखिलेश ने उस वक्त कहा था कि पीयूष नहीं, पुष्पराज जैन यानी पम्पी ने उनके लिए समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। अब जबकि पुष्पराज के यहां भी छापा पड़ गया है और अगर कोई अघोषित संपत्ति बरामद होती है, तो ऐन यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश को इस बारे में बयानबाजी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *