March 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Weather: अभी शीतलहर का दौर रहेगा जारी, जानिए कब से ठंड कम होने के हैं आसार

नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के तमाम हिस्सों में शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में गुरुवार को दूसरी सबसे ठंडी सुबह दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले कुछ दिन तक सर्दी अपना सितम ढाएगी। हवा अब उत्तर-पश्चिमी हो गई है। इस वजह से पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। विभाग के मुताबिक 3 जनवरी तक मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी रहेगी। दिल्ली में गुरुवार सुबह 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। पहाड़ों की बात करें, तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है। ऐसे में यहां पर्यटक तो आ रहे हैं, लेकिन उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

जम्मू-कश्मीर के बारे में मौसम विभाग ने कहा है कि यहां 6 जनवरी तक भारी बर्फबारी होगी। जम्मू में बारिश हो सकती है। आसमान यहां साफ है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री नीचे रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हिमाचल प्रदेश के केलांग, कुफरी, मनाली, भुंतर, कल्पा और सोलन में ठंड से पानी जम गया। जनवरी की शुरुआत में यहां बारिश होने का अनुमान है। केलांग में कल न्यूनतम तापमान शून्य से 12.3 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पूरे राज्य के अलावा पंजाब और हरियाणा के अलावा दिल्ली में भी ठंडी हवाओं से लोगों को ठिठुरना पड़ा।

उत्तराखंड में भी हालात काफी गंभीर हैं। यहां बदरीनाथ और केदारनाथ की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ गिर रही है। चारों तरफ सफेदी का मंजर है। उत्तराखंड में बर्फबारी से यूपी और यहां तक कि मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में भी लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार और गुरुवार को बारिश हुई और बादल छाए रहे। इससे यहां के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से ठंड में भी इजाफा हुआ। इस बार ठंड का आलम ये है कि पश्चिम बंगाल के तमाम इलाकों में भी काफी ठंड का अहसास लोगों को हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *