भारतीय टीम में बड़ा बदलाव, अभिषेक नायर की जगह इस बड़े खिलाड़ी को सोंपी गई बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए तैयार है। सीरीज का पहला मैच 22 जनवरी को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज भी होगी। इस अहम सीरीज से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव किया गया है। सौराष्ट्र के पूर्व क्रिकेटर और अनुभवी कोच सितांशु कोटक को भारतीय टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। कोटक इंग्लैंड सीरीज से ही अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा टी20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।
कैसा रहा है सितांशु कोटक का कोचिंग में अनुभव
सितांशु कोटक इससे पहले भी भारतीय टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 2023 में जब नियमित कोच राहुल द्रविड़ आयरलैंड दौरे पर नहीं गए थे, तब कोटक ने टीम की कमान संभाली थी। वह 2019 से भारत-ए टीम के साथ जुड़े हुए हैं और 2022 में दो अंतरराष्ट्रीय दौरों में भारतीय टीम के साथ सहायक कोच के रूप में गए थे। सितांशु को इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सौराष्ट्र की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 130 मैच खेले हैं और 41.76 की औसत से 8061 रन बनाए हैं, जिनमें 15 शतक और 55 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 89 मैचों में 3083 रन और 54 विकेट हैं।
बल्लेबाजी कोच के तौर पर नई शुरुआत
अब तक भारतीय कोचिंग स्टाफ में आधिकारिक बल्लेबाजी कोच की कमी थी। सितांशु कोटक को यह जिम्मेदारी देकर इस कमी को पूरा किया गया है। वर्तमान में गौतम गंभीर हेड कोच, मोर्ने मोर्केल गेंदबाजी कोच, अभिषेक नायर सहायक कोच, रेयान टेन डोएशेट सहायक कोच, और टी दिलीप फील्डिंग कोच के रूप में टीम के साथ काम कर रहे हैं।
टीम के प्रदर्शन और कोचिंग स्टाफ पर सवाल
ऑस्ट्रेलिया दौरे और हाल के टेस्ट मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कोचिंग स्टाफ की कार्यप्रणाली की आलोचना हुई है। मुंबई में 11 जनवरी को हुई समीक्षा बैठक में टीम के सपोर्ट स्टाफ पर चर्चा की गई। इस दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर भी सवाल उठे। कोहली के बार-बार ऑफ स्टंप की गेंदों पर आउट होने की तकनीकी खामियों को भी संबोधित किया गया।
