April 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सुशील कुमार को हत्या मामले में मिली जमानत, दिल्ली हाईकोर्ट ने दी राहत

नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता भारतीय रेसलर सुशील कुमार को हत्या मामले में दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। सुशील को जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी सागर धनखड़ की हत्या के आरोप में साल 2021 में गिरफ्तार किया था। अब दिल्ली उच्च न्यायालय ने सुशील को 50 हजार रुपए के निजी मुचलके पर बेल दे दी है। इस हत्याकांड में नाम आने के बाद से सुशील कुमार का कुश्ती करियर खत्म हो गया।

आरोप है कि 4 मई, 2021 को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम की पार्किंग में सुशील कुमार ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर जूनियर पहलवान सागर धनखड़ और उनके दोस्तों जय भगवान और भगत पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सागर धनखड़ को गंभीर चोट आई बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद पुलिस ने सुशील को गिरफ्तार कर लिया था। सुशील के साथी सोनू और तीन भी हत्या के आरोपी हैं। इससे पहले जुलाई 2023 में घुटनों के ऑपरेशन के लिए सुशील कुमार को सात दिन की अंतरिम जमानत दी गई थी। 23 जुलाई से 30 जुलाई तक के लिए मिली अंतरिम बेल के लिए सुशील कुमार को 1 लाख का बॉन्ड भरना पड़ा था। कोर्ट ने बेल के दौरान सुशील कुमार के साथ दो सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात करने का आदेश दिया था।

सुशील कुमार का कुश्ती करियर

सुशील कुमार ने दो बार ओलंपिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। साल 2008 के बीजिंग ओलंपिक में सुशील ने कुश्ती का ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसके बाद साल 2012 के लंदन ओलंपिक में सुशील ने  सिल्वर मेडल जीतकर मान बढ़ाया था। सुशील कुमार ने साल 2014 और 2018 के कॉमनवेल्थ गेम में स्वर्ण पदक भी हासिल किया था। सुशील कुमार को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कर से भी सम्मानित किया गया था।