February 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी में आज शाम होगी मॉक ड्रिल, 10 मिनट का रहेगा ब्लैकआउट, सुनाई देगी सायरनों की आवाज

नई दिल्ली। युद्ध या हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश में आज प्रशासन के द्वारा मॉक ड्रिल की जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में शाम 6 बजे से 10 मिनट का ब्लैकआउट होगा। इस दौरान हमले की चेतावनी वाले सायरन बजेंगे। सायरन बजने के साथ ही चिह्नित स्थलों पर बिजली आपूर्ति बाधित कर ब्लैक आउट किया जाएगा। प्रदेश की पुलिस, नागरिक सुरक्षा, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मॉक ड्रिल में हिस्सा लेंगे। लखनऊ की पुलिस लाइन में होने वाले मॉक ड्रिल के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी वहां मौजूद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद की ओर से डीजीपी, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक और राहत आयुक्त के साथ सभी जिलों के डीएम और पुलिस विभाग के आलाधिकारियों को मॉक ड्रिल कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन की ओर से सभी नागरिकों से इस मॉक ड्रिल अभ्यास में सहयोग की अपील की गई है। नागरिकों को बताया गया है कि यह सिर्फ सुरक्षा अभ्यास है इसलिए पैनिक न हों। लोगों से अपील की गई है कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन की आवाज सुनकर घरों की लाइटें कुछ देर के लिए बंद कर दें और मोबाइल, टॉर्च या फ्लैश लाइट का भी इस्तेमाल न करें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और प्रशासन की ओर से जो भी निर्देशों जारी किए गए हैं उनका पालन करें।

बता दें कि जब हवाई हमले होने की आशंका होती है तो ब्लैक आउट किया जाता है। इस मॉक ड्रिल के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आपात स्थिति में राहत और बचाव दल कितनी तेजी के साथ काम करता है। पिछले साल 2025 में कश्मीर में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते 7 मई को पूरे देश में एहतियातन मॉक ड्रिल की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed