आईपीएल 2021: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगा बड़ा झटका, केन रिचर्डसन और एडम जाम्पा आईपीएल से बाहर
नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन और लेग स्पिनर एडम जाम्पा आईपीएल 2021 से बाहर हो गए हैं। इसकी आधिकारिक जानकारी आरसीबी ने ट्वीट कर दी है। दोनों खिलाड़ियों ने निजी कारणों के चलते ऑस्ट्रेलिया लौटने का फैसला किया है।
आरसीबी ने ट्वीट कर लिखा, ‘एडम जाम्पा और केन रिचर्डसन निजी कारणों से ऑस्ट्रेलिया लौट रहे हैं। वो आईपीएल 2021 में बाकी मैचों के लिए अनुपलब्ध रहेंगे। आरसीबी मैनेजमेंट उनके फैसले का सम्मान करते हुए उन्हें पूरा सपोर्ट करने की पेशकश करता है।
29 साल के लेग स्पिनर एडम जाम्पा को इस सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। जाम्पा ने पिछले सीजन में आरसीबी के लिए तीन ही मैच खेले थे। इस दौरान उनके खाते में सिर्फ 2 विकेट आए। इससे पहले वह आईपीएल 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का हिस्सा थे। पुणे के लिए खेलते हुए जाम्पा ने 11 मैच में 19 विकेट चटकाए थे।
