April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच बलूचिस्तान की आजादी का दावा, यूएन से मांगी मान्यता और दिल्ली में दूतावास खोलने का अनुरोध

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान लगातार भारत पर हमले कर रहा है जिसका मुंहतोड़ जवाब भी उसे मिल रहा है। इस बीच बलूचिस्तान से एक बड़ी खबर आ रही है। बलोच कार्यकर्ता और लेखक मीर यार बलूच ने बलूचिस्तान की आजादी का दावा किया है। मीर यार बलूच ने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ से अपने देश को मान्यता देने की मांग की है। साथ ही भारत से अनुरोध किया है कि दिल्ली में बलूचिस्तान का दूतावास खोला जाए।

मीर यार बलूच ने लिखा, आतंकवादी पाकिस्तान का पतन नजदीक है। हमने अपनी स्वतंत्रता का दावा किया है और हम भारत से अनुरोध करते हैं कि वह बलूचिस्तान के आधिकारिक कार्यालय और दिल्ली में दूतावास की अनुमति दें। हम संयुक्त राष्ट्र से भी अनुरोध करते हैं कि वह बलूचिस्तान के लोकतांत्रिक गणराज्य की स्वतंत्रता को मान्यता दे और मान्यता के लिए अपना समर्थन देने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्यों की बैठक बुलाए। हम संयुक्त राष्ट्र से यह भी आग्रह करते हैं कि वह बलूचिस्तान में अपने शांति मिशन तुरंत भेजे और पाकिस्तान की कब्जे वाली सेना से बलूचिस्तान के क्षेत्रों, वायु क्षेत्र और समुद्र को खाली करने और सभी हथियार और संपत्ति बलूचिस्तान में छोड़ने के लिए कहे।

मीर यार बलूच ने कहा कि सेना, फ्रंटियर कोर, पुलिस, सैन्य खुफिया, आईएसआई और नागरिक प्रशासन में सभी गैर-बलूच कर्मियों को तुरंत बलूचिस्तान छोड़ देना चाहिए। मंत्रिमंडल में बलूच महिलाओं का प्रतिनिधित्व हमारे राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता की पूर्ति है। बलूचिस्तान का नियंत्रण जल्द ही स्वतंत्र बलूचिस्तान राज्य की नई सरकार को सौंप दिया जाएगा और जल्द ही एक निर्णायक अंतरिम सरकार की घोषणा की जाएगी। बलूचिस्तान की स्वतंत्रता सरकार का राजकीय समारोह जल्द ही आयोजित किया जाएगा। हम अपने मित्र देशों के राष्ट्राध्यक्षों को राष्ट्रीय परेड देखने और हमें शुभकामनाएं देने के लिए आमंत्रित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *