April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मैं उन्हें कप्तान बना देता, विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट पर बोले रवि शास्त्री

नई दिल्ली। दुनिया के महान क्रिकेटरों में शुमार भारत के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने पर टीम इंडिया के पूर्व कोच और रवि शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। शास्त्री का कहना है कि मुझे दु:ख है कि विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से चले गए हैं। जिस तरह से वो गए, मुझे लगता है कि इसे बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था। इस पर और अधिक संवाद होना चाहिए था। अगर मेरा इससे कोई लेना-देना होता, तो मैं ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद विराट को सीधे कप्तान बना देता। विराट कोहली जैसा महान खिलाड़ी बेहतर तरीके से रिटायरमेंट का हकदार था।

रवि शास्त्री ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि मुझे लगता है कि विराट कोहली ने बहुत जल्दी संन्यास ले लिया। उन्हें कम से कम दो साल और खेलना चाहिए था। जब आप चले जाते हो तब उसके बाद लोगों को एहसास होता है कि वो कितना बड़ा प्लेयर था। बीसीसीआई विराट कोहली के रिटायरमेंट को बेहतर तरीके से संभाल सकता था। बीसीसीआई की ओर से कोई प्रभावी संवाद नहीं किया गया। आपको बता दें कि विराट कोहली ने 12 मई को सोशल मीडिया के जरिए टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान किया था।

विराट के संन्यास से 5 दिन पहले 7 मई को पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी टेस्ट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी थी। रोहित और विराट के अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की खबर से उनके फैंस मायूस हैं। उसके पीछे दो कारण हैं, पहला यह कि अब इन दोनों दिग्गजों को टेस्ट क्रिकेट में खेलते हुए फैंस देख नहीं पाएंगे और दूसरा कारण यह है कि फैंस चाहते थे कि इन्हें फेयरवेल टेस्ट दिया जाए। आपको बता दें कि बीसीसीआई ने शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट टीम का नया टेस्ट कप्तान और विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को वाइस कैप्टन बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *