विनेश फोगाट पर लग सकता है प्रतिबंध, डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बोले- हर बात पर आरोप लगाने की आदी हो चुकी हैं पहलवान
गोण्डा। पहलवान और हरियाणा की कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट पर प्रतिबंध लग सकता है। ये बात भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख संजय सिंह ने कही है। संजय सिंह ने यूपी के गोण्डा में कहा कि अगर विनेश फोगाट ने कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब न दिया, तो उन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। गोण्डा में ओपन सीनियर नेशनल रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट हो रहा है। टूर्नामेंट का रविवार को उद्घाटन हुआ। इसमें आए डब्लूएफआई के प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि विनेश फोगाट बात-बात पर आरोप लगाने की आदी हो चुकी हैं।
डब्ल्यूएफआई प्रमुख ने कहा कि विनेश को गोण्डा में हो रहे टूर्नामेंट में सुरक्षित लाने और वापस छोड़ने की जिम्मेदारी कुश्ती महासंघ ने ली थी। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में देशभर के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। जिनमें हरियाणा की महिला पहलवानों की संख्या ज्यादा है। संजय सिंह ने कहा कि 2023 में पहलवानों के आंदोलन से कुश्ती को बड़ा नुकसान हुआ है। इस आंदोलन का असर तैयारी पर भी पड़ा। डब्ल्यूएफआई प्रमुख संजय सिंह ने उम्मीद जताई कि 2028 के ओलंपिक में भारत को कुश्ती में चार-पांच मेडल मिलने की उम्मीद है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ देशविरोधी ताकतें फिर माहौल खराब करने की कोशिश कर सकती हैं।
विनेश फोगाट समेत कई पहलवानों ने डब्ल्यूएफआई का अध्यक्ष रहे बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। विनेश और पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन भी किया था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह पर केस भी दर्ज किया था। जिसकी सुनवाई दिल्ली के कोर्ट में हो रही है। वहीं, पेरिस ओलंपिक से विनेश फोगाट 100 ग्राम ज्यादा वजन की वजह से बाहर कर दी गई थीं। अब डब्ल्यूएफआई ने विनेश फोगाट को डोपिंग नियम का उल्लंघन करने संबंधी कई आरोपों में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विनेश फोगाट की ओर से नोटिस का जवाब मिलने के बाद डब्ल्यूएफआई आगे का कदम तय करेगा। अगर विनेश पर प्रतिबंध लगता है, तो इससे सियासत फिर गर्मा सकती है।
