June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गाजियाबाद में जज से बदसलूकी कर रहे वकीलों पर पुलिस ने कोर्ट रूम के अंदर बरसाई लाठी

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बड़ी खबर आ रही है। यहां जिला अदालत में बार एसोसिएशन के एक पदाधिकारी से जुड़े केस की सुनवाई के दौरान वकीलों और जज के बीच झड़प हो गई। कोर्ट रूम में बड़ी संख्या में मौजूद वकीलों ने जज से बदसलूकी करनी शुरू कर दी। इसके बाद जज ने पुलिस बुला ली। ऐसा बताया जा रहा है कि पहले तो पुलिस ने वकीलों समझाने का प्रयास किया मगर जब वो शांत नहीं हुए तो पुलिस ने कोर्ट रूम में ही वकीलों पर लाठी चला दी। जवाब में वकील भी कुर्सियां उठाकर फेंकने लगे। इस मामले में कुछ वकीलों के घायल होने की भी खबर है। वहीं कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। इस भिड़ंत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वहीं इस घटना के बाद गाजियाबाद बार एसोसिएशन की अर्जेंट मीटिंग बुलाई गई है। इस मीटिंग में वकील यह तय करेंगे कि इस मामले में अब आगे क्या किया जाए? ऐसा माना जा रहा है कि जज के तबादले और लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर वकील हड़ताल पर जा सकते हैं। कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों का हंगामा अभी जारी है। फिलहाल पुलिस ने कोर्ट कैंपस को खाली करा लिया है। वकीलों द्वारा बवाल की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को भी बुलाया गया है।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस की एक टीम भी गाजियाबाद जिला अदालत परिसर में पहुंच गई है। इसके अलावा पीएसी के जवानों को भी बुलाया गया है जल्द ही वो भी कोर्ट परिसर पहुंच जाएंगे। वैसे यह पहला ऐसा मामला नहीं है जब वकीलों ने जज के साथ कोर्ट रूम में अभद्रता की हो। इससे पहले भी देश के कई शहरों से इस तरह की खबर सामने आ चुकी है जब वकील ने अपनी मर्यादा को भंग करते हुए जज से भिड़ गए।