February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान में सेना प्रमुख आसिम मुनीर को लेकर लग रही नई अटकलें, क्या खतरे में है राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की कुर्सी?

नई दिल्ली। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को लेकर नई चर्चाओं का बाजार गर्म है। आसिम मुनीर की प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ मंगलवार को एक बैठक हुई। ट्रिब्यून एक्सप्रेस की खबर के अनुसार इस बैठक के कुछ देर बाद ही पीएम शहबाज शरीफ राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मिलने पहुंच गए। इतने कम समय में एक के बाद एक इन बैठकों को लेकर पाकिस्तान में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई। ऐसा कहा जाने लगा कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं और उनकी जगह सेना प्रमुख आसिम मुनीर को पाकिस्तान का नया राष्ट्रपति बनाया जा सकता है।

हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इस प्रकार की अटकलों को खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि राष्ट्रपति जरदारी के इस्तीफे और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के राष्ट्रपति बनने की खबरें पूरी तरह से निराधार हैं। इनका कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख के बीच देश की सुरक्षा, आंतरिक हालात और सीमावर्ती मसलों पर अक्सर चर्चा होती रहती है। मंगलवार को भी पीएम शरीफ और सेना प्रमुख आसिम के बीच इसी संबंध में बैठक हुई थी। इसको लेकर किसी प्रकार के कयास नहीं लगाए जाने चाहिए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि सेना प्रमुख जनरल मुनीर का देश की राजनीति में किसी प्रकार का कोई दखल नहीं है। रक्षा मंत्री ख्वाजा ने हालांकि इस बात को माना कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में राष्ट्रपति जरदारी के इस्तीफे की खबरें चलाई गई थीं मगर बाद में उनको हटा लिया गया। उन्होंने बताया कि इसकी पूरी जानकारी राष्ट्रपति जरदारी को दी गई है, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उन्हें अफवाहों से अवगत कराया। राष्ट्रपति जरदारी ने  सरकार पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा है कि वो मौजूदा सरकार और देश की मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed